सिर के बालों के झड़ने से परेशान हैं तो ये 10 ‘सुपर फूड’ आजमाएं
सिर के बालों का झड़ना (Hair loss) एक गंभीर समस्या है। इसके लिए हर बड़े शहर में तमाम इलाज उपलब्ध हैं, पर ये बहुत खर्चीले हैं। इनमें से कई तो काफी नुकसानदायक और कष्टकर भी हैं। इस समस्या से छुटकारे के लिए आसान उपाय है इन 10 खाद्य पदार्थों का सेवन। पोषक तत्वों से भरपूर ये पदार्थ बालों की जड़ों को न सिर्फ मजबूती प्रदान करते हैं बल्कि इन्हें घना और चमकीला भी बनाते हैं।
1. तीन गाजर रोज खाएं
गाजर विटामिन A, एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर का प्रमुख स्रोत है। इसके नियमित सेवन से बाल मजबूत और चमकीले होते हैं। कच्चा गाजर खाना ज्यादा फायदेमंद होता है। एक दिन के लिए 3 गाजर का सेवन पर्याप्त माना गया है। ज्यादा गाजर खाने से शरीर में बीटा कैरोटीन की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे त्वचा के रंग पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
2. पालक आहार में शामिल करें
बाल झड़ने का प्रमुख कारण आयरन की कमी होना है। पालक इस कमी को बखूबी दूर करता है। पालक में विटामिन A, C, फाइबर और फोलिक एसिड समेत कैल्शियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम की प्रचुर मात्रा पाई जाती है। कच्चा पालक भी फायदेमंद है पर यह ज्यादा नहीं खाना चाहिए। रोज एक गिलास पालक का जूस शरीर में विटामिन K की पर्याप्त मात्रा को पूरी कर देता है।
3. पीली मिर्च लाभकारी
100 ग्राम पीली मिर्च में विटामिन A की मात्रा 7 प्रतिशत पाई जाती है। इसमें सबसे अधिक विटामिन C पाया जाता है, जो कि बालों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। इसमें कैलोरी और फैट बहुत कम पाया जाता है, पर एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा ज्यादा पाई जाती है। इससे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।
4. शकरकंद लें कभी-कभी
शकरकंद बालों को झड़ने से रोकने में काफी कारगर है। इसमें विटामिन A की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। इसमें मौजूद आयरन और कॉपर बालों के उत्तकों के विकास को बढ़ावा देता है। इसमें मैग्नीज, पोटैशियम और फाइबर की काफी मात्रा पाई जाती है। इन सबके बावजूद इसे रोज खाने के बजाय कभी-कभी ही खाना चाहिए।
5. एक सेब प्रतिदिन
रोज एक सेब खाना सेहत के साथ-साथ बालों के लिए भी लाभकारी होता है। इसमें विटामिन A से भी ज्यादा विटामिन C पाया जाता है। रोज एक सेब, वो भी छिलके के साथ खाना चाहिए। चिकिसकों के अनुसार इसे सुबह खाना ज्यादा बेहतर होता है। कमजोर पाचन तंत्र वाले लोगों को इसे रात में पचाने में दिक्कत हो सकती है।
6. अनानास का जूस फायदेमंद
अनानास में फाइबर और पानी ज्यादा पाए जाने से यह पाचन तंत्र सुधारने का काम करता है। इससे जलन की समस्या दूर होती है। इससे बालों की जड़ों को काफी लाभ पहुंचता है। अनानास में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा जीरो होती है, इसलिए उक्त रक्तचाप की समस्या नहीं रहती है। हालांकि कच्चे अनानास का सेवन नुकसानदायक साबित होता है।
7. रोज 28 ग्राम बादाम का ज्यादा फायदा
बादाम सिर का रक्त संचार बढ़ाता है। इससे बालों के विकास में काफी मदद मिलती है। इसमें आयरन और कैल्शियम की मात्रा अधिक पाई जाती है। बादाम फाइबर और प्रोटीन का भी अच्छा स्रोत है। आहार विशेषज्ञ रोज 28 ग्राम बादाम लेने की सलाह देते हैं। एक रिसर्च कहती है कि बादाम खाने वाले ज्यादा दिन जीते हैं।
8. मशरूम से मिलती है मदद
मशरूम में पैंटोथेनिक एसिड पाया जाता है। यह बालों के झड़ने से रोकने में काफी मदद करता है। इससे बालों के विकास में भी सुधार होता है। मशरूम में बहुत कम कैलोरी पाई जाती है, जबकि प्रोटीन और फाइबर की मात्रा इसमें अधिक होती है। कम कैलोरी की वजह से यह शरीर का वजन घटाने में भी काफी सहायक होता है।
9. सैल्मन मछली खाएं हफ्ते में दो दिन
सैल्मन मछली में ओमेगा 3 फैटी एसिड पाया जाता है, जो बालों के विकास के लिए आवश्यक होता है। इसमें विद्यमान विटामिन B12 बालों को सिल्की और चिकना बनाने में मदद करता है। यह मछली हृदय संबंधी रोगों में भी काफी लाभकारी मानी जाती है। अमेरिकन हर्ट एसोसिएशन के अनुसार हफ्ते में 2 दिन सैल्मन मछली खाना संतुलित आहार की दृष्टि से काफी है।
10. रोज 3 अंडे पर्याप्त
अंडे में प्रोटीन की मात्रा 13 ग्राम तक पाई जाती है। प्रोटीन बालों की कोशिकाओं को पोषण देता है। इससे बालों के विकास में अप्रत्याशित वृद्धि होती है। इसमें पाया जाने वाला आयरन और विटामिन 12 भी बालों के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होता है। तंदरुस्त लोगों के लिए रोज 3 अंडे लेने की सलाह दी जाती है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!