दुनिया का सबसे महंगा मियाजाकी आम, 4 लाख रुपये प्रति किलो है कीमत

मियाजाकी आम (Miyazaki Mango) को दुनिया का नंबर 1 और सबसे महंगा आम माना जाता है। एक किलोग्राम मियाजाकी आम की कीमत तीन से चार लाख रुपये है। इस किस्म का एक आम करीब 350 ग्राम का होता है। इस तरह से एक मियाजाकी आम की कीमत करीब एक लाख रुपये पड़ती है। मियाजाकी आम शुरू में बैंगनी रंग का होता है। पकने के बाद इसका रंग गहरा लाल हो जाता है। इस आम में रेशे नहीं होते हैं। इसका टेस्ट कमाल का होता है।

मियाजाकी आम का इतिहास

रेशे नहीं होने की वजह से मियाजाकी आम का टेस्ट सभी आमों से हटकर होता है।

मियाजाकी आम का नाम जापान के क्यूशू प्रांत में स्थित शहर मियाजाकी पर पड़ा। इसे ‘ताइयो-नो-टोमागो’ या एग्स ऑफ सन (Eggs of the Sun) के नाम से भी जाना जाता है। मुख्य रूप से मियाजाकी शहर में इसको उगाया जाता है। जापान में यह सबसे महंगे आम के रूप में बिकता है। जापान के अलावा इस आम की किस्म फिलीपींस और थाईलैंड में भी उगाई जाती है। अब भारत में त्रिपुरा, जबलपुर और जामताड़ा में कुछ लोग मियाजाकी आम का उत्पादन कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के कनुवान में मियाजाकी आम का पेड़

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला स्थित कनुवान गांव के प्रगतिशील किसान लांगा राय ने भी मियाजाकी आम का पौधा लगा रखा है। अब यह पौधा छोटे पेड़ का रूप ले चुका है। 2023 के मैंगो सीजन की बात करें तो यहां इनके पेड़ पर करीब 50 फल लगे हुए हैं। लांगा राय बताते हैं कि उन्होंने पहले यह कल्पना भी नहीं की थी कि तीन से चार लाख रुपये प्रति किलो की कीमत वाला आम का पेड़ लगाना संभव होगा। इसका दुर्लभ पौधा किसी तरह से उन्हें हासिल हुआ। इसको लगाने के बाद करइल क्षेत्र की मिट्टी ने अपना कमाल दिखाया और तीन साल के अंदर यह पौधा अब फल देने लगा है। उनके अनुसार अगले वर्षों में मियाजाकी के और पौधे लगाने की उनकी योजना है। लांगा राय ने अपने बागीचे में मियाजाकी के अलावा दशहरी, लंगड़ा, आम्रपाली आदि कई उन्नत किस्म के आम लगा रखे हैं। उनके बागीचे का छायादार और मनोरम दृश्य काफी सुकून देने वाला है।

आम की रखवाली के लिए लगाए गए गॉर्ड

पेड़ पर दो मियाजाकी आम की रखवाली के लिए तैनात किए गए निजी गॉर्ड।

दो साल पहले पश्चिम बंगाल के दुबराज की एक मस्जिद में मियाजाकी आम के कुछ पौधे लगाए गए थे, जिनसे अब आम की पैदावार हो रही है। एक पेड़ पर 8 आम बचे थे, जिससे मस्जिद प्रबंधन को करीब 7.5 लाख रुपये की आय हुई। इसके आम के महंगे होने की मिसाल यह है कि मध्य प्रदेश में एक पेड़ के मालिक ने सिर्फ दो मियाजाकी आम की रखवाली के लिए सात कुत्ते और दो गॉर्ड को लगा रखा था।

गिफ्ट के लिए सर्वोत्तम आम

मियाजाकी आम को गिफ्ट में पैक करने के बाद उस पर स्पेशल क्वालिटी के लिए स्टीकर भी लगाया जाता है।

मियाजाकी आम की फसल अप्रैल से अगस्त के बीच उगाई जाती है। इसकी खेती के लिए तेज धूप और बारिश की आवश्यकता होती है। मियाजाकी आम में एंटीऑक्सीडेंट, फोलिक एसिड, विटामिन C और बीटा कैरोटीन पाया जाता है। इसमें शुगर 15 प्रतिशत होती है। इस आम को स्पेशल गिफ्ट के तौर पर भेंट किया जाता है। इसके लिए इसकी खास तरीके से पैकिंग भी की जाती है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी काफी मांग है।

0.00 avg. rating (0% score) - 0 votes
0 replies

Leave a Reply

Want to join the discussion?
Feel free to contribute!

Leave a Reply

Your email address will not be published.