नाश्ते के लिए परफेक्ट डिश है आटे का फरा या पीठा, जानें यूनिक रेसिपी

आटे का फरा (Aate ka Fara) हर घर में बहुत पसंद की जाने वाली डिश है। उत्तर भारत के लोगों को तो यह डिश खास तौर पर पसंद आती है। इसे पीठा (Peetha) भी कहा जाता है। इस वेज रेसिपी का टेस्ट एकदम अलग होता है। इसे हेल्दी डाइट में शुमार किया जाता है। फरे बहुत जल्द डाइजेस्ट भी हो जाते हैं। यह नाश्ते के अलावा डिनर के लिए भी परफेक्ट डिश है। इसे बनाना बहुत मुश्किल नहीं है, आप भी ट्राई कर सकते हैं।

रेसिपी : आटे का फरा (Aate ka Fara) या पीठा (Peetha)। तैयारी में समय : 10 मिनट। बनाने में समय : 30 मिनट।

फरा या पीठा बनाने की सामग्री

गेहूं का आटा : 2 कप। दाल (4-5 घन्टे पानी में भिगोई हुई) : 1 कप। अदरक-लहसुन का पेस्ट : 1/2-1/2 चम्मच। काली मिर्च : 1/4 टीस्पून। जीरा : 1/2 टीस्पून। हल्दी : 1/2 टीस्पून। लाल मिर्च पाउडर : 1/4 टीस्पून। धनिया पत्ती (बारीक कटी हुई) : 1/2 कप। हरी मिर्च (बारीक कटी हुई) : 2। गरम मसाला : 1/2 टीस्पून। राई (सरसों) : 1 चम्मच। करी पत्ता : 7-8। ऑयल : 4 टीस्पून। चाट मसाला : 1/2 टीस्पून। धनिया पाउडर : 1/2 चम्मच। हींग : एक चुटकी। नमक : 1 टीस्पून।

बनाने की विधि

  • सबसे पहले एक बर्तन में आटे को लें, उसमें थोड़ा सा नमक और 1 टीस्पून ऑयल डाल दें और पानी के सहारे इसका मीडियम डो तैयार कर लें। अब इसे ढककर 10 मिनट तक के लिए रख दें।
  • अब भिगोई हुई दाल को अच्छी तरह से धोकर उसे मिक्सर ग्राइंडर में दरदरा पीस लें। फिर इसे एक बाउल में निकाल लें। इसके बाद इसमें नमक, हल्दी, काली मिर्च पाउडर, अदरक-लहसुन का पेस्ट, बारीक कटी हुई हरी मिर्च, धनिया पत्ती, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर सभी को मिला लें। इस तरह अब भरावन की सामग्री तैयार है।
  • फिर पहले से तैयार डो की छोटी-छोटी लोई बना लें। अब इसे पूरी की तरह बेल लें। इसे थोड़ा मोटा ही रखें। अब एक चम्मच के सहारे इसके बीच में भरावन की सामग्री रखकर इसे गुझिया का शेप देकर बंद कर दें। इसे मनचाहा आकार भी दिया जा सकता है। अब ये फरे बनने के लिए तैयार हो चुके हैं।
  • इसके बाद एक चौड़े मुंह वाले बर्तन में पानी गर्म करें। अब उबलते हुए पानी में फरे डाल दें। बीच-बीच में एक चम्मच से इन्हें पलटते रहें ताकि ये ऊपर-नीचे बराबर पकें। ये फरे 15-20 मिनट में पक जाते हैं। इसके बाद फ्लेम बंद कर दें। इसके बाद इन फरों को पानी से निकालकर ठंडा होने दें। फिर फरों को चाकू के सहारे मनपसंद आकार में काट लें।
  • अब एक पैन में ऑयल डालकर गर्म करें। इसमें सरसों डाल दें। जब सरसों चटकने लगें तो उसमें हींग और करी पत्ता डालकर एक-दो बार चला दें। फिर इसमें कटे हुए फरे डालकर एक-दो मिनट के लिए भून लें। इससे इसमें सोंधापन आ जाता है। अब इसके ऊपर थोड़ा चाट मसाला डाल दें। अब आपके स्वादिष्ट फरे बनकर तैयार हो चुके हैं। इसे पुदीने या किसी भी अन्य चटनी के साथ सर्व करें। आलू-टमाटर की सब्जी के साथ भी ये फरे बहुत टेस्टी लगते हैं।

(नोट : फरा बनाने के लिए गेहूं के आटे की जगह चावल के आटे का भी प्रयोग किया जा सकता है। )

0.00 avg. rating (0% score) - 0 votes
0 replies

Leave a Reply

Want to join the discussion?
Feel free to contribute!

Leave a Reply

Your email address will not be published.