स्ट्रॉबेरी की खेती मुनाफे का सौदा, 7 लाख तक आराम से कमाएं

खुद के दम पर पैसे कमाने हों तो स्ट्रॉबेरी की खेती इसके लिए बहुत अच्छा माध्यम है। आधुनिक तरीके से एक एकड़ जमीन में इसकी खेती कर 7 लाख रुपये तक आराम से कमाया जा सकता है। बहुत से ऐसे उदाहरण आए हैं, जिसमें इंजीनियर और मल्टी नेशनल कंपनी की नौकरी छोड़कर कई युवाओं ने यह खेती शुरू की और आज न सिर्फ खुद फायदा कमा रहे हैं बल्कि 20-30 लोगों को रोजगार भी दे रखा है। स्ट्रॉबेरी का फल बाजार में बिकते देर नहीं लगती, इसलिए इसकी खेती मुनाफे का सौदा है। इस खेती में ज्यादा खर्च भी नहीं आता है। एक एकड़ पौधे लगाने में करीब 3 लाख रुपये तक का खर्च आता है। कम लागत के लिए इसे छोटे स्तर पर भी शुरू किया जा सकता है।

खेती के लिए इनकी पड़ती है जरूरत

खेती के लिए सबसे पहले जमीन की जरूरत पड़ती है। इसके बाद पौधों की आवश्यकता होती है। ये पौधे आपको पुणे, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गोरखपुर, मिर्जापुर, बदायूं या आसपास किसी अन्य जगह पर आसानी से मिल जाएंगे। बहुत सी जगहों पर स्ट्रॉबेरी के पौधे अमेरिका के कैलिफोर्निया से मंगाए जाते हैं। स्ट्रॉबेरी के बीज से खुद भी इसके पौधे तैयार किए जा सकते हैं। एक एकड़ में करीब 20 से 22 हजार पौधों की जरूरत पड़ती है। इसका एक पौधा 5 से 10 रुपये में मिल जाता है। इसके बाद कुछ मजदूर, प्लास्टिक की मल्चिंग सीट, सिंचाई के साधन और कीटनाशक आदि की जरूरत पड़ती है।

मिट्टी, जलवायु और खेती का समय

स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए बलुई दोमट मिट्टी की जरूरत होती है। इस मिट्टी में पानी रुकना नहीं चाहिए। इसके लिए 15 से 35 डिग्री तापमान की जरूरत होती है। स्ट्रॉबेरी की रोपाई सितंबर से नवंबर के बीच में करनी अच्छी होती है। पॉलीहाउस में भी इसकी खेती की जाती है। इसमें फसल अच्छी होती है। वैसे इसकी खेती करने वालों का कहना है कि सीधे खुली जमीन में इसकी खेती से प्राप्त फल का टेस्ट ज्यादा अच्छा आता है। इसकी खेती के लिए बेड तैयार करने की जरूरत होती है। बाद में प्लास्टिक की मल्चिंग की जाती है और ड्रिप इरिगेशन का सहारा लिया जाता है।

स्ट्रॉबेरी की किस्में

स्ट्रॉबेरी की 600 किस्में मौजूद हैं, पर अपने देश में इसकी कुछ किस्में ही ज्यादा प्रसिद्ध हैं। ये हैं -स्वीट चार्ली, ओसो ग्रैंड, कैमरोजा, विंटर स्टार, ओफरा और चैंडलर। इसमें चैंडलर, ओसो ग्रैंड और कैमरोजा कैलिफोर्निया में विकसित किस्म है।

स्ट्रॉबेरी की खेती से फायदा

स्ट्रॉबेरी को बहुत ही हेल्दी फूड माना जाता है, इसलिए इसकी बिक्री में कोई दिक्कत नहीं आती है। यह पूरी फसल करीब चार महीने में तैयार हो जाती है। यह 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक बिक जाती है। एक एकड़ में 5 से 7 लाख की स्ट्रॉबेरी हो जाती है। कुछ किसान इतनी ही जमीन में 12 लाख की स्ट्रॉबेरी पैदा करने का दावा करते हैं। स्ट्रॉबेरी की खेती को धीरे-धीरे बढ़ाया भी जा सकता है। समय और अनुभव बढ़ने के साथ आमदनी में भी बढ़ोतरी होती जाती है।

खेती के लिए मदद और मार्केटिंग

स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए राज्य के कृषि विभाग की तरफ से मदद मुहैया कराई जाती है। संबंधित राज्य के कृषि विभाग से इसके लिए संपर्क किया जा सकता है। किसी भी सरकारी बैंक से इसके लिए आसानी से लोन मिल जाता है। इसकी मार्केटिंग के लिए बड़े शहरों में स्थित मॉल या रिटेलर्स से संपर्क करना चाहिए। खुद की छोटी कंपनी बनाकर स्ट्रॉबेरी के फल के अलावा जैम, जूस आदि की बिक्री की जा सकती है। बिक्री के लिए आपकी पैकिंग बहुत अच्छी होनी चाहिए।

0.00 avg. rating (0% score) - 0 votes
0 replies

Leave a Reply

Want to join the discussion?
Feel free to contribute!

Leave a Reply

Your email address will not be published.