अक्षरधाम : दुनिया के सबसे विशाल हिंदू मंदिर में यह देखना न भूलें
लोकेशन : एनएच-24 पर स्थित
खुले रहने के दिन : मंगलवार से रविवार तक
बंदी का दिन : सोमवार
खुलने का समय : सुबह 9:30 से शाम 6:30 बजे तक
परिसर में प्रवेश शुल्क : निशुल्क
नजदीकी मेट्रो स्टेशन : अक्षरधाम
दिल्ली (Delhi) का अक्षरधाम मंदिर (Akshardham Temple) न सिर्फ महत्वपूर्ण धार्मिक स्थान बल्कि प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र के रूप में भी प्रसिद्ध है। इसके अंदर 10 हजार साल पुरानी भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। यह विभिन्न गतिविधियों और प्रदर्शनी के लिए भी खास तौर पर जाना जाता है। 100 एकड़ में फैले इस मंदिर को दुनिया का सबसे विशाल हिंदू मंदिर होने का गौरव प्राप्त है। इसके लिए वर्ष 2007 में ही इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स में शामिल किया गया था। मंदिर के अंदर कई प्रमुख आकर्षण हैं, जिन्हें देखे बिना यहां का टूर मुकम्मल नहीं होता। अच्छी तरह से मंदिर परिसर घूमने के लिए कम से कम 3 से 4 घन्टे का समय चाहिए।
मंदिर के बारे में
यमुना नदी के किनारे एनएच-24 के पास स्थित मंदिर का पूरा नाम स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर है। नारायण समुदाय के एचएच योगी जी महाराज की प्रेरणा से इसे प्रमुख स्वामी महाराज ने बनवाया था। इसे 11 हजार कारीगरों ने पांच साल में तैयार किया। 6 नवंबर 2005 में इसे लोगों के लिए खोला गया था। यहां हर साल लाखों देसी-विदेशी पर्यटक घूमने आते हैं। इसका निर्माण वास्तुशास्त्र और पंचरात्र शास्त्र के अनुसार लाल बलुआ पत्थरों और इटैलियन मार्बल से किया गया है। अक्षरधाम मंदिर 141.3 फीट ऊंचा और 316 फीट चौड़ा है। इसमें 20 चतुर्भुज शिखरों वाले 9 विशालकाय अलंकृत गुंबद हैं। केंद्रीय गुंबद के नीचे स्वामीनारायण की 11 फीट लंबी प्रतिमा स्थित है। मंदिर के अंदर हिंदू देवी-देवताओं की 20 हजार मूर्तियां स्थापित की गई हैं। हर मूर्ति हिंदू परंपरा के अनुसार पांच धातु से बनाई गई है। इसके अलावा यहां विभिन्न संतों की प्रतिमाएं भी लगाई गई हैं। मंदिर में 10 दिशाओं के सूचक 10 गेट बनाए गए हैं।
मंदिर के प्रमुख आकर्षण
नौ मंडपम
मंदिर के अंदर नौ मंडप बने हुए हैं। सबके अलग-अलग नाम दिए गए हैं। इन मंडपों के गुंबद, छत और पिलर पर मूर्तियों के साथ बहुत ही आकर्षक नक्काशी की गई है।
यग्नपुरुष कुंड
मंदिर परिसर में दुनिया का सबसे बड़ा यज्ञ कुंड है। कमल के आकार में बने इस कुंड में 108 छोटे तीर्थ स्थान और 2800 सीढ़ियां बनी हुई हैं।
नारायण सरोवर
केंद्रीय अक्षरधाम मंदिर के पास बना नारायण सरोवर लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र है। इस सरोवर में 151 पवित्र नदियों और झीलों का पानी शामिल किया गया है।
सहजानंद दर्शन
इसे ‘द हॉल ऑफ वैल्यूज’ भी कहा जाता है। इसमें पुराने सांस्कृतिक संदेशों को एनिमेट्रिक शो और ऑडियो के माध्यम से बताया जाता है।
नीलकंठ दर्शन
नीलकंठ दर्शन में एक बड़े थियेटर में पर्दे पर फिल्म दिखाई जाती है। इसमें नीलकंठ नामक योगी की कथा का प्रसारण किया जाता है।
बोट राइड
मंदिर की बोट राइड यादगार होती है। इससे सांस्कृतिक नाव की सवारी भी कहा जाता है। इस राइड के दौरान हमें प्राचीन भारतीय संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलता है।
म्यूजिकल फाउंटेन
इसे लेजर वाटर शो के नाम से भी जाना जाता है। यह शो म्यूजिक, फायर और लेजर एनिमेशन पर आधारित है। कुल 24 मिनट का यह शो दर्शकों पर अमिट छाप छोड़ जाता है। इसके लिए वयस्क का टिकट 80 रुपये और बच्चे का टिकट 50 रुपये है।
गार्डन ऑफ इंडिया
मंदिर परिसर में स्थित यह एक आकर्षक गार्डन है। बेहतरीन घास के मैदान के बीच स्थित पीतल की मूर्तियां बरबस सबका ध्यान आकर्षित करती हैं।
मंदिर का हेल्पलाइन नंबर
+91-11-4344 2344
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!