…ताकि आपकी खूबसूरती को रंगों की नजर न लगे
होली (Holi) में जरा सी लापरवाही खूबसूरती को ग्रहण लगा सकती है। इस मौके पर लगाए जाने वाले रंगों में कई घातक केमिकल मिलाए जाते हैं। इनमें कॉपर सल्फेट, लेड ऑक्साइड, एल्युमिनियम ब्रोमाइड, क्रोमियम आदि शामिल होते हैं। इसके अलावा इन रंगों को चमक देने के लिए इनमें तरह-तरह के पाउडर आदि मिलाए जाते हैं। इनसे त्वचा, बालों और आंखों को नुकसान पहुंच सकता है। ये हैं कुछ आसान टिप्स, जिनको होली से पहले और बाद में अपनाकर किसी भी तरह के नुकसान से बेफिक्र हुआ जा सकता है।
होली से पहले
- होली के लिए रंग-गुलाल खरीदते समय बहुत ही सावधानी बरतें। केमिकल मिश्रित रंगों के बजाय हर्बल रंग का प्रयोग करना चाहिए। ऐसे रंग और गुलाल बाजार में आसानी से उपलब्ध हैं। ये घर में भी बनाए जा सकते हैं।
- रंग लगवाने से पहले शरीर पर नारियल का तेल लगा लें। इस तेल को बालों पर भी लगाना चाहिए। इससे रंग शरीर और बालों पर कम चढ़ते हैं।
- महिलाओं को चाहिए कि वे अपने नाखूनों पर गहरा नेल पॉलिश लगा लें। इसके बाद इन पर गहरे रंग चढ़ने की आशंका न के बराबर रह जाती है।
- पूरे कपड़े पहनकर रंग खेलें। इससे रंगों में मिश्रित केमिकल का असर कम होता है। एलर्जिक लोगों को तो ऐसा जरूर करना चाहिए। इस दौरान अपना सिर भी पूरी तरह से ढककर निकलें।
- रंग लगाने के पीक समय के दौरान यात्रा करने से बचें। इस दौरान यात्रा करनी भी पड़े तो अपनी गाड़ी का शीशा बंद रखें। न खुद बैलून में रंग भरकर दूसरों पर फेंकें न किसी को फेंकने की अनुमति दें। यह खासकर आंखों के लिए घातक हो सकता है।
होली के बाद
- होली के बाद रंगों के चलते कई लोगों की त्वचा में खुजली सी होने लगती है। ऐसे में त्वचा पर कुछ भी लगाने से पहले आइस क्यूब का इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसे में 10-15 मिनट के मसाज से काफी आराम मिलता है।
- थोड़ी सी दही ले लें। उसमें 1 नींबू का रस निचोड़ लें। अब उसमें चंदन का थोड़ा लेप और हल्दी लेकर मिला लें। इसके लगाने से चेहरा साफ हो जाता है। इससे त्वचा को पोषण भी मिलता है।
- 1/2 गिलास ठंडा दूध लेकर 1 चम्मच तिल, जैतून या सूरजमुखी का तेल मिला लें। अब इसमें रुई डुबोकर इसे त्वचा पर लगाएं। इससे रंग अपने आप छूटने लगते हैं। रंग छुड़ाने के लिए इनमें तिल का तेल काफी बेहतर सिद्ध होता है।
- एक बाउल में बराबर अनुपात में आटा और बेसन लें। साथ में सरसों तेल और थोड़ी दही रखें। अब इन्हें मिलाकर पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगाएं। इससे त्वचा से रंग छूटने के साथ-साथ उसका रुखापन भी दूर होगा।
- एक केला लेकर उसे मैश कर लें। उसमें 1-2 चम्मच शहद मिला लें। इसके बाद इसमें आधा चम्मच नमक मिला लें। इसे अच्छी तरह मिलाने के बाद अब चेहरे पर थोड़ी देर मलें। इसके बाद गुनगुने पानी से धो दें, त्वचा की खूबसूरती बरकरार रहेगी।
(ध्यान रखें अगर कोई भी पेस्ट लगाते समय एलर्जी हो तो उसे आगे न अपनाएं। )
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!