राजस्थानी दाल बाटी चूरमा : जो एक बार खाया, इसका स्वाद भूल नहीं पाया
Recipe Tips
राजस्थानी दाल बाटी चूरमा (Rajasthani Dal Baati Churma) का कोई जवाब नहीं है। किसी भी सीजन में इसे बनाएं, इसका स्वाद उतना ही लाजवाब लगता है। यह राजस्थान की बहुत ही प्रसिद्ध डिश है। जयपुर, जोधपुर या जैसलमेर कहीं भी चले जाएं, हर जगह आपको यह डिश मिलेगी। अब तो यह डिश देशभर की बड़ी पार्टियों या शादी समारोहों में भी शान से बनाई जा रही है। राजस्थानी दाल बाटी चूरमा बनाना बहुत कठिन नहीं है। इसे आप भी घर में आसानी से बना सकते हैं।
रेसिपी : राजस्थानी दाल बाटी चूरमा। मील टाइप : वेज। सर्विंग : 4। तैयारी का समय : 30 मिनट। बनाने में समय : 1 घन्टा। कुल समय : 1+1/2 घन्टा।
दाल बनाने की सामग्री
मूंग की दाल (छिलके वाली) : 250 ग्राम। चने की दाल : 2 स्पून। अरहर की दाल : 2 स्पून। टमाटर (बड़े और बारीक कटे हुए) : 2। प्याज (बारीक कटे हुए) : 2। लहसुन : 6-7 कली। अदरक (कद्दूकस किया हुआ) : 1 चम्मच। हरी मिर्च (बारीक कटी हुई) : 2। साबुत लाल मिर्च : 3। कश्मीरी मिर्च : 1 चम्मच। साबुत धनिया : 1 छोटा चम्मच। धनिया पाउडर : 1 चम्मच। जीरा : 1/2 चम्मच। हींग : 1/4 टीस्पून। चीनी : 1 छोटा चम्मच। धनिया पत्ती (कटी हुई) : 2 बड़े चम्मच। हल्दी : 1/2 स्पून। नमक : 1 चम्मच। देसी घी : 6 चम्मच। नींबू का रस : 1/2 चम्मच।
दाल बनाने की विधि
- सबसे पहले दाल को अच्छी तरह से पानी में भिगो दें। फिर प्रेशर कुकर में दाल, पानी, नमक और हल्दी डालकर तेज आंच पर 2 सीटी लगाएं। फिर आंच धीमी कर दें और एक सीटी लगने पर गैस या फ्लेम बंद कर दें। ध्यान दें दाल बहुत गलनी नहीं चाहिए। यह मीडियम होनी चाहिए।
- अब एक पैन में घी डालकर उसे गर्म कर लें। फिर इसमें जीरा, हरी मिर्च, लाल मिर्च और साबुत धनिया डालकर चला दें। जब यह थोड़ा हल्का सुनहरा हो जाए तो इसमें कटा हुआ लहसुन, अदरक और प्याज डालकर फ्राई कर लें। अब इसमें हींग डालकर मिक्स कर दें।
- फिर इसमें एक चम्मच धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, टमाटर और एक चम्मच चीनी डालकर इसे 1 मिनट के लिए भून लें। आपका मसाला ज्यादा जलना नहीं चाहिए।
- अब इसमें दाल डालकर 2 मिनट तक पकाएं। फिर इसमें आधा चम्मच गर्म मसाला और धनिया पत्ती डालकर उसे अच्छी तरह से गर्म कर लें। अब इसे उतार लें और ऊपर से इसमें नींबू का रस डालकर रख दें। इस तरह आपकी स्वादिष्ट राजस्थानी दाल तैयार है।
बाटी बनाने की सामग्री
आटा : 500 ग्राम। देसी घी : 1 बड़ा चम्मच मोयन के लिए, 150 ग्राम बाटी पर लगाने के लिए। अजवाइन : 1 छोटा चम्मच। सोडा या बेकिंग पाउडर : 1/4 चम्मच। गर्म पानी : 2 कप। नमक : स्वाद अनुसार।
बाटी बनाने की विधि
- आटे में सारी सामग्री को मिलाकर गुनगुने पानी से गूंथ लें। इससे बाटी काफी नरम बनती है। इसे आधे घन्टे के लिए ढककर रख दें, ताकि बाटी का आटा अच्छी तरह से सेट हो जाए।
- इसके बाद आटे की गोल-गोल बाटी बनाकर गर्म ओवन में रख दें। अगर ओवन नहीं है तो आप रोटी सेंकने वाली जाली पर भी बाटी सेंक सकते हैं। बाटी को आग में भी सीधे सेंक सकते हैं। इससे सोंधापन और देसी टेस्ट आता है।
- इस तरह आपकी बाटी तैयार है। इसमें घी लगाकर इसे गर्मा-गर्म सर्व करें। यह ठंडी अच्छी नहीं लगती। हालांकि, यह दो दिन तक खराब नहीं होती है।
चूरमा बनाने की सामग्री
गेहूं का आटा : 1 कप। सूजी : 2 बड़े चम्मच। बेसन : 3 बड़ा चम्मच। चीनी (पिसी हुई) : 4 बड़े चम्मच। दूध : 1+1/2 कप। देसी घी : आवश्यकतानुसार। इलायची पाउडर : 1/2 चम्मच। ड्राई फ्रूट्स (बादाम, किशमिश, काजू) : इच्छानुसार।
चूरमा बनाने की विधि
- एक बर्तन में आटा, सूजी और बेसन एक साथ मिला लें। अगर आपको बेसन पसंद न हो तो उसे छोड़ भी सकते हैं।
- अब घी को गर्म कर इसमें डालकर मिला लें। फिर इसमें दूध या पानी डालकर आटे का मीडियम डो तैयार कर लें। डो ज्यादा नर्म या ज्यादा सख्त नहीं होना चाहिए।
- इसके बाद एक पैन में घी गर्म करें। अब पहले से तैयार डो से छोटी-छोटी गोली बना लें। इसे हथेली थोड़ा दबाकर छोटी पूरियां बना लें। 4-5 पूरियों को एक साथ घी में डालते जाएं। इसे मीडियम आंच पर सुनहरा होने तक तल लें।
- अब इसे निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद इसे मिक्सर में डालकर थोड़ा दरदरा पीस लें। अब इसे एक बाउल में रख लें।
- फिर इसमें चीनी, इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स ऊपर से मिला लें। अगर यह सूखा लगे तो एक चम्मच देसी घी गर्म कर इसमें मिला दें। इस तरह स्वादिष्ट और लाजवाब चूरमा तैयार है। इसे दाल-बाटी या अकेले मिष्ठान के तौर पर भी प्रयोग किया जा सकता है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!