मोजरेला चीज खुद घर में बनाएं बाजार से भी बेहतर टेस्ट वाला
चीज किसे पसंद नहीं होता है। बच्चे तो इस पर जान छिड़कते हैं। बात जब मोजरेला चीज (Mozzarella Cheese) की हो तो जल्दी से इसे टेस्ट करने को जी चाहता है। इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। इसे घर में बनाना बहुत ही आसान है। इसके लिए बहुत सामान की भी जरूरत नहीं होती है। इस रेसिपी की खास ट्रिक फॉलो करें और खुद बनाएं बहुत ही टेस्टी और स्ट्रेचबल मोजरेला चीज।
बनाने की सामग्री
दूध (फुल क्रीम) : 1 लीटर। विनेगर : 4 टीस्पून। बटर : 2 टीस्पून। हल्दी : 1 पिंच। नमक : 1 पिंच।
इस तरह बनाएं
- सबसे पहले एक बर्तन में दूध लें। फिर गैस ऑन कर दें। दूध को बहुत ज्यादा बॉयल (Boil) नहीं करना है। इसमें अंगुली डालकर देखें, अगर यह सहन करने भर है तो समझ लें कि दूध रेसिपी के लिए तैयार है।
- अब दूध में विनेगर थोड़ा-थोड़ा डालकर धीरे-धीरे चम्मच से हल्के हाथों से चलाएं। करीब 3-4 मिनट में दूध फट जाएगा। जब देखें कि पनीर और पानी अलग-अलग हो गया तो गैस बंद कर दें।
- फिर इसे किसी छलनी या कॉटन के कपड़े से छान लें। अब एक बाउल में थोड़ा पानी गर्म करें। इसके बाद कपड़े में रखे पनीर को पोटली के रूप में बनाकर 3-4 बार डिप करें। इससे एक्स्ट्रा विनेगर और दूध अलग हो जाएगा।
- अब एक बर्तन में पानी लें। इसमें 2-3 आइस्क्यूब डाल दें। अब पनीर को कपड़े से निकालकर उसे हाथों से प्रेस कर गोल बना लें। अब पनीर को ठंडे पानी में डालें। अब दोनों हाथों से पकड़कर पनीर को खींचें। इससे आपके चीज में खिंचाव आएगा। इस प्रॉसेस को 4 से 5 बार करें।
- इसके बाद इस पनीर को हाथों से प्रेस कर इसका सारा पानी निकाल लें। पानी रहने से आपका चीज खराब हो सकता है। फिर इसे एक पॉलीथिन में रखकर इसे अच्छी तरह से पैक कर दें, ताकि एयर पास न हो सके। इसके बाद इसे फ्रिज में 4 घन्टे तक के लिए रखकर छोड़ दें। अब आपका टेस्टी और स्ट्रेचबल मोजरेला चीज पूरी तरह तैयार है। इसे घिसकर प्रयोग में लाएं।
क्रीमी और येलो कलर के लिए
- अगर चीज को क्रीमी और येलो बनाना हो तो आप एक मिक्सर ग्राइंडर में पनीर को डाल दें। इसमें 2 स्पून बटर, एक पिंच हल्दी और एक पिंच नमक डालकर मिक्सर ग्राइंडर को चला दें।
- फिर इसे मिक्सर ग्राइंडर से निकालकर किसी बाउल में सेट कर दें। इसके बाद इसे ऊपर से पॉलीथिन से टाइट पैक कर दें। अब इसे फ्रिज में 4 घन्टे के लिए छोड़ दें। इसके बाद इसे निकालकर घिसकर इस्तेमाल करें।
मोजरेला चीज का इस्तेमाल आप पिज्जा, सैंडविच आदि में कर सकते हैं। इसे एक बार तैयार कर आप फ्रिज में रख दें, बहुत दिनों तक यह खराब नहीं होता है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!