कलाकंद (Kalakand) घर में बनाएं, वो भी एक घन्टे के भीतर
कलाकंद (Kalakand) की रेसिपी अगर अच्छे से आ गई तो फिर स्वादिष्ट मिष्टान्न के लिए आपको किसी दुकान पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसी तरह अगर एक बार बढ़िया कलाकंद का स्वाद किसी को लग जाए तो उतरने का नाम नहीं लेता। कहने को तो यह राजस्थानी मिठाई है पर क्या होली, क्या दिवाली या कोई भी बड़ा मौका, हर जगह इसकी डिमांड सबसे ज्यादा होती है। कलाकंद बनाना बहुत ही आसान है। यह स्वीट एक घन्टे से भी कम समय में तैयार हो जाती है।
रेसिपी : कलाकंद (Kalakand)। कितने लोगों के लिए : 4। तैयारी का समय : 10 मिनट। बनाने में समय : 30 मिनट।
बनाने की सामग्री
दूध : 6 कप। चीनी : 1/2 कप। इलायची (पिसी हुई) : 6। पिस्ता (बारीक कटा हुआ) : 12। नींबू का रस : 2 टीस्पून।
बनाने की विधि
- सबसे पहले छेना बनाने के लिए एक पैन में 4 कप दूध को गर्म कर लें। जैसे ही दूध में उबाल आ जाए तो उसमें नींबू का रस डाल दें। अब इसे चम्मच से मिला दें।
- जब दूध और छेना अलग-अलग हो जाए तो आंच को बंद कर दें। अब एक छननी में कॉटन का कपड़ा रखकर छेने को छान लें ताकि उसका पानी अलग हो जाए।
- फिर इस छेने को उसी कपड़े में नल के नीचे पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि नींबू का स्वाद चला जाए। फिर इस कपड़े से पानी को निचोड़ दें।
- अब छेने को कपड़े से निकालकर एक बाउल में रखें और हल्के हाथों से मैस कर दें ताकि यह छोटे-छोटे टुकड़ों में बंट जाए।
- अब एक कड़ाही या पैन में 2 कप दूध लें। इसे मद्धम आंच पर गर्म करें। जब दूध की मात्रा आधी रह जाए तो इसमें चीनी डाल दें। अब 2-4 मिनट तक धीमी आंच पर इसे गाढ़ा करें।
- इसके बाद इसमें पहले से तैयार रखे छेने को डाल दें। अब इस गाढ़े दूध में छेने को मिलाते हुए चलाते रहें। इस दौरान आंच मद्धम ही रखें। 5-6 मिनट बाद यह मिश्रण जमने की शक्ल में आ जाएगा। अब इसमें पिसी हुई इलायची मिलाकर आंच बंद कर दें।
- फिर एक ट्रे में थोड़ा सा घी लगाकर मिश्रण को डालकर उसे अच्छी तरह से फैला दें। अब इसके ऊपर कटे हुए पिस्ते डालकर हल्के हाथों या चम्मच के सहारे दबा दें ताकि यह इसमें चिपक जाएं। अच्छा दिखने के लिए इसके ऊपर चांदी वर्क का भी प्रयोग किया जा सकता है।
- इसके बाद इस मिश्रण को नॉर्मल तापमान ही दो घन्टे तक ठंडा होने के लिए छोड़ दें। अब इसे मोटे-मोटे पीस में चौकोर आकार में काटकर सर्व करें। इसे फ्रिज में भी रख सकते हैं, पर इसमें रखने से यह थोड़ा कड़ा हो जाता है। फ्रिज में रखने से यह स्वीट एक हफ्ते तक खराब नहीं होती। बाहर रखने से यह 3 दिन से अधिक नहीं चलती है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!