आलू से बढ़ाएं अपनी सुंदरता
फ्राइड (Fried) आलू के नुकसान को अलग कर बात की जाए तो इसके सेहत के लिए फायदे बहुत हैं। इसमें मौजूद विटामिन B6, प्रोटीन, पोटैशियम, मैग्नीशियम और फाइबर कई बीमारियों से लड़ने में मदद करते हैं। इन सबके अलावा आलू की एक खूबी इसे और खास बना देती है, वह है इसमें मौजूद सुंदरता बढ़ाने की क्षमता। हर घर में रोज आलू के इस्तेमाल के बाद भी बहुत कम लोग ही इस उद्देश्य से इसका लाभ उठा पाते हैं। आलू के अंदर विटामिन C की मात्रा 45 प्रतिशत पाई जाती है। इससे सुंदरता बढ़ने का यही राज भी है। इसके लिए आलू का कई तरीके से प्रयोग किया जा सकता है।
टुकड़ों को चेहरे पर रगड़ें
कच्चे आलू को टुकड़ों में काट लें। उसे चेहरे पर 5-7 मिनट तक लगाएं। अब थोड़ी देर बाद धो दें। ऐसा रोज करने पर 20 दिन में फर्क दिखना शुरू हो जाता है। इससे चेहरे के दाग-धब्बे खत्म हो जाते हैं। इसके लिए कच्चे आलू की जगह आलू के जूस का भी प्रयोग किया जा सकता है।
आलू और नींबू का रस लगाएं
आलू और नींबू का बराबर-बराबर रस लें। इन्हें अच्छी तरह मिला लें। अब इसे रुई से चेहरे पर लगाएं। सूखने के कुछ समय बाद धो दें। इससे त्वचा मुलायम होती है। उल्लेखनीय है कि आलू के अलावा नींबू में भी विटामिन C की पर्याप्त मात्रा होती है। जब इन दोनों का मिश्रण होता है तो यह त्वचा के लिए और भी लाभदायक साबित होता है।
टमाटर का रस और आलू जूस
आलू का जूस लें। इसके बाद उतनी ही मात्रा में टमाटर का रस लें। इन दोनों को अच्छे तरीके से मिलाकर चेहरे पर लगाएं। इससे चेहरे से धब्बे खत्म होते हैं। कच्चे टमाटर और सूर्य की रोशनी में सूखे हुए टमाटर में विटामिन C की मात्रा ज्यादा पाई जाती है। इसलिए इनका प्रयोग त्वचा के लिए बेहतर होता है।
हल्दी और खीरे के साथ प्रयोग
आलू के साथ यह मिश्रण बनाना भी आसान है। एक जार में 2 छिले हुए आलू लें। उसमें 1 खीरा, 1 चम्मच नींबू का रस और 1/2 चम्मच हल्दी मिला दें। अब इनका अच्छे तरीके से मिश्रण बनाकर चेहरे पर लगाएं। करीब 30-35 मिनट बाद इसे पानी से धो दें। इससे त्वचा में काफी निखार आता है।
मास्क से आती है चमक
चेहरे पर चमक के लिए आलू को मास्क के तौर पर भी प्रयोग किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले 2 आलू लें। इसके बाद इनके छिलके उतारकर पेस्ट बना लें। अब पेस्ट की मात्रा के बराबर इसमें दही मिला लें। फिर इसे मास्क की तरह चेहरे पर लगाएं। करीब 20 मिनट बाद पानी से धो दें। ऐसा कुछ दिन लगातार करने का लाभ होता है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!