गर्भावस्था में बादाम खाने से बच्चे का दिमाग तेज होता है
एक स्पेनिश रिसर्च के अनुसार जो महिलाएं गर्भावस्था के दौरान बादाम खाती हैं, उनके बच्चों का दिमाग तेज होता है। द यूरोपियन जर्नल ऑफ एपिडेमियोलॉजी में हाल में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार हफ्ते में 60 से 80 ग्राम बादाम का सेवन करने वाली महिलाओं के बच्चों की याददाश्त और आईक्यू लेवल सामान्य बच्चों से बढ़ा हुआ होता है।
मांओं पर अध्ययन
रिपोर्ट के अनुसार अध्ययन में 2,208 बच्चों की मांओं को शामिल किया गया। इन मांओं को एक प्रश्नावली देकर गर्भावस्था के दौरान उनके खानपान की जानकारी ली गई। इस दौरान अध्ययनकर्ताओं ने इन माताओं के 1/2, 1, 5 और 8 वर्ष की आयु के बच्चों की बौद्धिक योग्यता का भी आकलन किया। उन्होंने पाया कि जिन माताओं ने हफ्ते में कम से कम 74 ग्राम भी बादाम का सेवन किया, उनके बच्चों का दिमाग काफी तेज था।
हफ्ते में 3 बार बादाम खाएं
अभी तक गर्भावस्था के दौरान बादाम को इसलिए फायदेमंद माना जाता था कि इसमें प्रोटीन की मात्रा पाई जाती है, लेकिन गर्भावस्था के दौरान सेवन से यह बच्चों की मानसिक क्षमता में भी वृद्धि करेगा, यह पहली बार सामने आया है। बर्सिलोना इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल हेल्थ के शोधकर्ता जोर्डी जुलवेज कहते हैं कि इस अध्ययन के नतीजों के आधार पर महिलाओं में इसके अमल को बढ़ाया जाना चाहिए। इनके अनुसार ऐसी महिलाओं को हफ्ते में कम से कम तीन बार बादाम खाना चाहिए। वे इसकी जगह अखरोट भी खा सकती हैं।
बादाम में लाभकारी तत्व
100 ग्राम बादाम में आयरन 20 प्रतिशत, पोटैशियम 20 फीसदी और कैल्शियम 26 प्रतिशत पाया जाता है। इसमें सबसे अधिक मैग्नीशियम की मात्रा मौजूद होती है। सबसे खास बात यह है कि इसमें कोलेस्ट्रॉल शून्य और फाइबर की मात्रा 48 प्रतिशत पाई जाती है। फाइबर महिलाओं को बीमारियों से दूर रखने में मदद करता है। बादाम के सेवन से ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल नियंत्रित रहता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भी प्रचुर मात्रा में विराजमान होते हैं, जो शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालते हैं।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!