भूली भटियारी (Bhuli Bhatiyari, New Delhi), जहां से रात को आती हैं डरावनी आवाजें
दिल्ली में एक से एक हॉन्टेड प्लेस यानि डरावनी जगहों के बारे में आपने सुना होगा, पर भूली भटियारी (Bhuli Bhatiyari, New Delhi) के बारे में सुनते ही हर किसी की रूह कांप उठती है। यह एक ऐसा डरावना किला है, जहां एक रानी की आत्मा आज भी भटकती है। शाम पांच बजे के बाद यहां जाना सख्त मना है। किवदंती के अनुसार रात में यहां से डरावनी आवाजें आती रहती हैं, कई भूतही घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसीलिए लोग यहां जाने से डरते हैं।
बदले की आग में जल रही है रानी
दिल्ली के करोल बाग स्थित इस किले को राजा फिरोज शाह तुगलक ने 14वीं शताब्दी में शिकारगाह के तौर पर बनवाया था। उसकी रानी को यह किला बहुत पसंद था, इसलिए वह यहीं रहने लगीं। कहा जाता है कि एक दिन राजा ने यहां रानी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ देख लिया। इसके बाद उसने रानी को यहीं जंगल में कैद करवा दिया। बाद में रानी की इसी जंगल में मौत हो गई। कहा जाता है कि रानी की आत्मा राजा से बदला लेने के लिए आज भी जंगल में भटकती है। यह शाम के बाद लोगों को यहां दिखाई देती है, पर कोई भी उसकी बदले की आग का शिकार हो सकता है।
एक अन्य किवदंती के अनुसार राजस्थानी कबीले की एक महिला कभी इस जगह पर रास्ता भटक गई थी, इसलिए वह यहीं रहने लगी। कुछ दिनों बाद उसने यहीं दम तोड़ दिया था। कहानी के अनुसार आज भी उसकी आत्मा यहीं भटकती रहती है। यही कारण है कि इस जगह का नाम भूली भटियारी महल पड़ा।
डरावने किले के बारे में
भूली भटियारी किले को लाल पत्थर से बनाया गया है। यहां प्रवेश करने पर एक अहाता दिखाई देता है। यहीं पर अंदर प्रवेश के लिए मुख्य द्वार बना हुआ है। अंदर जाने पर बड़ा आंगन मिलता है, जिसके चारों ओर छोटे-छोटे कमरे बने हुए हैं। यह किला बहुत ही जर्जर अवस्था में है। जंगल की वजह से यह और डरावना दिखाई देता है। रात में यहां से जानवरों की आवाजें भी सुनाई पड़ती हैं।
भूली भटियारी के खुलने के दिन और समय
भूली भटियारी किला हफ्ते के सातों दिन खुला रहता है। सुबह 7:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे से पहले यहां कभी भी जाया जा सकता है।
भूली भटियारी में प्रवेश के लिए शुल्क
भूली भटियारी में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं लगता है।
भूली भटियारी का पता
सेंट्रल रिज, रिजर्व फॉरेस्ट, नई दिल्ली-110001 (झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के पास)।
भूली भटियारी कैसे पहुंचें
भूली भटियारी के लिए झंडेवालान मेट्रो स्टेशन से उतरकर जाया जा सकता है। यहां से भूली भटियारी की दूरी मात्र 400 मीटर है। यहां से भूली भटियारी तक पैदल भी जाया जा सकता है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!