सेब का सिरका घटाता है पेट की चर्बी और शुगर लेवल
सेब का सिरका (Apple Cider Vinegar) सेहत के लिए बहुत उपयोगी है। यह पेट की चर्बी और शुगर लेवल घटाने के साथ ही और भी कई बड़ी बीमारियों से छुटकारा दिलाता है। इसमें एसेटिक एसिड (Acetic Acid) की मात्रा ज्यादा पाई जाती है जो हमें शत्रु बैक्टीरिया से बचाता है। सेब के सिरके का प्राचीनकाल से प्रयोग होते आ रहा है। यूनानी घाव को ठीक करने के लिए सेब के सिरके का प्रयोग करते थे। हालांकि इस सिरके के फायदे को लेकर अभी मानव पर शोध कम हुए हैं, लेकिन जानवरों पर रिसर्च इसके फायदों को प्रमाणित करते हैं।
मोटापा कम करे
कई अध्ययनों में यह सामने आ चुका है कि सेब के सिरके के प्रयोग से तृप्ति का अहसास होता है। इससे व्यक्ति खाते समय अपेक्षाकृत कम कैलोरी ग्रहण करता है, जो कि वजन कम होने का मुख्य कारण बनता है। नियमित तौर पर सेब के सिरके का सेवन करने वालों के पेट की चर्बी अपने आप कम हो जाती है।
डायबिटीज में उपयोगी
डायबिटीज, खासकर टाइप 2 डायबिटीज के मरीजों को सेब के सिरके का जरूर इस्तेमाल करना चाहिए। यह ब्लड शुगर घटाने का काम करता है। भोजन के बाद इसके सेवन से इंसुलिन के कार्य में सुधार आता है। गौर हो कि टाइप 2 डायबिटीज के मरीजों का ब्लड शुगर लेवल ज्यादा होता है। इसके अलावा उनमें या तो इंसुलिन बनना बंद हो जाता है या बाधित रहता है।
हृदय रोग से राहत
रोज सोने से पहले रात में 1-2 चम्मच सेब का सिरका लेने से ब्लड प्रेशर कम होता है। अमेरिका में हुई एक रिसर्च में सामने आया कि जिन महिलाओं ने अपने खाने में सेब के सिरके का प्रयोग किया, उनमें हृदय रोग का खतरा कम मिला। सेब का सिरका ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल दोनों को घटाता है। इससे हृदय रोग की आशंका अपने आप कम हो जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार वर्तमान में दुनिया में हृदय रोग से सबसे अधिक लोगों की मौत हो रही है।
खाने का संरक्षण
सेब के सिरके को खाना संरक्षक (Food preservative) के तौर पर भी जाना जाता है। यह स्वाद में खट्टा होता है, जो बैक्टीरिया (ई-कोली) को खाने में फैलने से रोकता है। इससे खाना लंबे समय तक खराब नहीं होता है। यह शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले बैक्टीरिया का सफाया करने का काम करता है। इससे कई तरह के इंफेक्शन अपने आप रुक जाते हैं।
कैंसर का कम खतरा
सेब के सिरके का कैंसर की बीमारी में उपयोगी होने को लेकर कोई खास प्रमाण अब तक नहीं हैं, पर कुछ अध्ययनों में कहा गया है यह सिरका कैंसर कोशिकाओं को खत्म करता है और इन्हें बढ़ने से रोकता है। इस तरह इस बीमारी के खतरे कम हो जाते हैं। सेब का सिरका शरीर में ऊर्जा बढ़ाने का काम करता है। इसमें पोटैशियम होने के कारण यह हड्डियों के विकास में भी सहायक होता है।
इसका ध्यान रखें
- सेब के सिरके का अत्यधिक सेवन नुकसान का कारण बन सकता है, इसलिए रोज इसे 1-2 चम्मच से ज्यादा न लें।
- सेब के सिरके को पीना हो तो उसे हल्का करने के लिए उसमें थोड़ा पानी मिला लें।
- रोज खाने में हल्के सिरके का प्रयोग किया जा सकता है। वैसे सलाद में इसका इस्तेमाल बेहतर होता है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!