ओखला पक्षी अभ्यारण्य (ओखला बर्ड सैंक्चुरी) में देखें 320 तरह के पक्षी

ओखला पक्षी अभ्यारण्य (Okhla Bird Sanctuary) दिल्ली की तरफ से आते वक्त नोएडा के प्रवेश द्वार के पास स्थित है। करीब चार स्क्वायर किलोमीटर क्षेत्र में फैली यह सैंक्चुरी उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में पड़ती है। यह यमुना का वह स्थान है, जहां से वह दिल्ली से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करती है। यहां पक्षियों की सैकड़ों प्रजातियों के अलावा विभिन्न प्रकार की दुर्लभ वनस्पतियां और जंगली जानवर भी देखने को मिलते हैं।

ओखला बैराज के निर्माण के दौरान यहां वेटलैंड विकसित हुआ था। यहां आर्द्र भूमि, कंटीली झाड़ियां और घास का मैदान होने के कारण एक अलग ही शांत और मनोरम वातावरण उपस्थित होता है। देश के प्रमुख पक्षी अभ्यारण्यों में इसका नाम शुमार है। इसे 1990 में सैंक्चुरी के रूप में अधिसूचित किया गया था।

अनोखे पशु-पक्षी और वनस्पतियां प्रमुख आकर्षण

ओखला पक्षी अभ्यारण्य (ओखला बर्ड सैंक्चुरी) में पक्षियों की 320 प्रजातियों को देखा जा सकता है। इनमें 20 प्रजातियों के जलीय पक्षी और 43 प्रजातियों के प्रवासी पक्षी शामिल हैं। ये वो प्रवासी पक्षी हैं, जो हजारों किलोमीटर दूर साइबेरिया, तिब्बत आदि से सफर तय कर यहां पहुंचते हैं। हर वर्ष नवंबर तक पक्षी आ जाते हैं और मार्च तक यहां प्रवास करते हैं। यूरोपियन मार्श हैरियर, ब्लैक बर्ड टर्न, येलो बैगटेल, ग्रेटर फ्लेमिंगो, ग्रीन सैंड पाइपर आदि पक्षी आकर्षण का केंद्र होते हैं। यहां 188 तरह के पौधे और वनस्पतियां वातावरण को और सुरम्य बना देती हैं। शीशम, बबूल, कीकर, फिकस, जलकुंभी आदि पक्षियों के बसेरा करने के लिए यहां प्रमुख ठिकाने होते हैं। यहां तितली, खरगोश, नीलगाय, सियार और सरीसृप वर्ग की कई प्रजातियां निवास करती हैं।

ओखला बर्ड सैंक्चुरी में जाने का समय

ओखला बर्ड सैंक्चुरी में जाने के लिए गर्मी और जाड़े के लिए अलग-अलग समय निर्धारित है :

गर्मी के लिए प्रवेश समय : 7:00 बजे सुबह से 5:30 बजे शाम तक

जाड़े के लिए प्रवेश समय : 7:30 बजे सुबह से 5:00 बजे शाम तक

ओखला बर्ड सैंक्चुरी का टिकट

प्रति व्यक्ति टिकट (भारतीयों के लिए) : 30 रुपये

प्रति व्यक्ति टिकट (विदेशियों के लिए) : 350 रुपये

(इस बर्ड सैंक्चुरी में स्टिल और वीडियो कैमरा ले जाने की अनुमति है, पर इसके लिए अलग से शुल्क चुकाना पड़ता है।)

ओखला बर्ड सैंक्चुरी पहुंचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन

ओखला बर्ड सैंक्चुरी तक पहुंचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन बॉटनिकल गार्डन है। यह स्टेशन नोएडा में ब्लू लाइन मेट्रो रूट पर स्थित है। बॉटनिकल गार्डन स्टेशन से ओखला बर्ड सैंक्चुरी की दूरी करीब 8.9 किलोमीटर है। यहां से सैंक्चुरी जाने के लिए ऑटो या टैक्सी की जा सकती है। अपने निजी साधन से भी यहां पहुंचा जा सकता है। यहां दिल्ली-एनसीआर के किसी भी शहर से लोग आसानी से पहुंच सकते हैं।

0.00 avg. rating (0% score) - 0 votes
0 replies

Leave a Reply

Want to join the discussion?
Feel free to contribute!

Leave a Reply

Your email address will not be published.