नोएडा के जंगल ट्रेल पार्क (Jungle Trail Park, Noida) में सुनें शेर की दहाड़, सैकड़ों जानवर दिखेंगे
दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड कुछ अलग तरीके से मनाना चाहते हैं तो नोएडा का जंगल ट्रेल पार्क (Jungle Trail Park, Noida) आपके लिए सबसे बेहतर स्थान साबित हो सकता है। 1 दिसंबर 2025 को नोएडा के सेक्टर-94, महामाया फ्लाईओवर के पास खुले इस पार्क में कबाड़ से 650 जानवरों की आकृतियां बनाई गई हैं। इन आकृतियों को बनाने में 400 टन लोहे के स्क्रैप और मशीनों के पार्ट्स का इस्तेमाल किया गया है। यह पार्क 18.27 एकड़ में फैला हुआ है। यहां जंगल के लुत्फ के साथ फूड कोर्ट और एम्फीथियेटर आदि की सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है। यहां शेर की दहाड़ भी सुनाई देगी।
तीन जोन का टूर, गोरिल्ला से लेकर डायनशोर मिलेंगे
जंगल ट्रेल पार्क पूरी तरह वाइल्डलाइफ थीम पर बना है। इसमें रीसाइकिल कबाड़ से जानवरों की प्रतिमाएं बनाई गई हैं। यहां डायनाशोर, शेर, हाथी, जिराफ, हिरण, मगरमच्छ, गोरिल्ला, पेंगुइन, बंदर, गैंडा, पांडा, कंगारू, अजगर और तरह-तरह के पक्षी आदि देखने को मिलेंगे। एशिया, अफ्रीका, अमेरिका आदि महाद्वीप के ये विशाल जानवर एकदम असली लगते हैं। पार्क के निर्माण पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पार्क को तीन जोन में बांटा गया है। पहले जोन में पार्किंग और 1000 लोगों की क्षमता वाला एम्फीथियेटर तथा दूसरे जोन में ग्रासलैंड, ट्रॉपिकल रेन फॉरेस्ट और वेटलैंड बनाया गया है। तीसरे जोन में आइसलैंड, टेम्प्रेट फॉरेस्ट और पोलर रीजन का निर्माण किया गया है।
लाखों पौधों के बीच नाइट सफारी का रोमांच
शहर की शोरगुल और तन्हाई से दूर जंगल ट्रेल पार्क में नाइट सफारी का पूरा रोमांच मिलता है। इस पार्क में 3.50 लाख पौधे लगाए गए हैं। ये पौधे मियावाकी तरीके से लगाए गए हैं। प्रदूषण से दूर इस जंगल की स्वच्छ हवा के बीच गुजरना एक काफी सुखद अनुभूति होती है।

नोएडा के जंगल ट्रेल पार्क में बने हाथी।
लाइट और साउंड का लुत्फ
पार्क में लाइट और साउंड का बेहतर इंतजाम किया गया है। यहां जानवरों की तरह-तरह की आवाज भी सुनने मिलती है। शेर की दहाड़ काफी रोमांचकारी होती है। सभी के लिए यह यह यादगार अनुभव होता है। बच्चों के लिए अलग से प्ले एरिया भी बनाया गया है।
जंगल ट्रेल पार्क में ये हैं सुविधाएं
- फूड कोर्ट, कियोस्क
- कार्यक्रम के लिए एम्फीथियेटर
- बोटिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, जिप साइक्लिंग
- सेल्फी प्वाइंट्स
- घूमने के लिए गोल्फ कार्ट सेवा उपलब्ध (शुल्क : प्रति व्यक्ति 200 रुपये)
पार्किंग का इंतजाम
जंगल ट्रेल पार्क के पहले जोन में पेड पार्किंग का इंतजाम किया गया है। यहां चार पहिया वाहन और बसें भी पार्क की जा सकती हैं। सुबह 9:00 बजे से लेकर जंगल ट्रेल खुला रहने तक वाहन पार्क किए जा सकते हैं।
टिकट का शुल्क
जंगल ट्रेल पार्क में टिकट के लिए काउंटर बने हुए हैं। टिकट ऑनलाइन भी लिया जा सकता है। प्रति व्यक्ति टिकट का शुल्क 150 रुपये है। 3 वर्ष तक के बच्चों के लिए टिकट निशुल्क है।
जंगल ट्रेल पार्क का पता
सेक्टर-94, महामाया फ्लाईओवर के पास, नोएडा।

जंगल ट्रेल पार्क, नोएडा में खड़े कंगारू। जंगल में यहां ऐसे अनेक जानवर दिख जाएंगे।
जंगल ट्रेल पार्क खुलने का समय
सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 बजे तक।
जंगल ट्रेल पार्क, नोएडा कैसे पहुंचें
जंगल ट्रेल पार्क पहुंचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन मैजेंटा लाइन स्थित ओखला बर्ड सेंक्चुरी स्टेशन है। यहां से जंगल ट्रेल की दूरी 1.9 किलोमीटर है। इसके अलावा ब्लू लाइन स्थित बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से उतरकर भी जंगल ट्रेल पार्क जाया जा सकता है। यहां से जंगल ट्रेल पार्क करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!